जिले के हल्दीबाड़ी में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी के बीच भाजपा पंचायत समिति सदस्य तपन राय पर जानलेवा हमले की खबर गुरुवार को सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात साढ़े ग्यारह बजे तपन राय बाइक से घर लौट रहे थे। देवानगंज ग्राम पंचायत के नगर साहेबगंज इलाके में घर के पास ही कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उनके सीने के बाएं हिस्से पर चाकू से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल तपन राय को पहले हल्दीबाड़ी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें मेखलीगंज महकमा अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, सीने में गहरा घाव हुआ है। घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
भाजपा ने हमले के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है। वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने घटना का राजनीति से कोई संपर्क नहीं होने का दावा करते हुएइसे व्यक्तिगत दुश्मनी का मामला बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हमले की असली वजह साफ हो सकेगी।






